
राजस्थान विश्वविद्यालय गेट पर विरोध प्रदर्शन, अभद्र भाषा पर जताई नाराजगी
जयपुर।
राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर मंगलवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन अग्रवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री और टोंक विधायक सचिन पायलट पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका और नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व NSUI इकाई अध्यक्ष मनीष मेघवंशी ने किया। बड़ी संख्या में छात्र यहां जुटे और भाजपा के खिलाफ नाराजगी जताई।
मनीष मेघवंशी ने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अमर्यादित भाषा स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से राजनीतिक माहौल खराब होता है।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि पिछले कुछ समय से नेताओं की भाषा का स्तर गिरा है, जिसे लेकर युवाओं में नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी बयानबाजी बंद नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
NSUI ने मामले में संबंधित नेता से माफी की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल गरमाया रहा, बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
